Monday, June 15, 2026
Homeराष्ट्रीयपेरिस ओलंपिक: मैरी कॉम ने भारतीय दल के शेफ-डी-मिशन पद से दिया...

पेरिस ओलंपिक: मैरी कॉम ने भारतीय दल के शेफ-डी-मिशन पद से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली (हि.स.)। बॉक्सिंग लीजेंड और 2012 ओलंपिक खेलों की कांस्य पदक विजेता एमसी मैरी कॉम ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पेरिस ओलंपिक खेलों के लिए भारतीय दल के शेफ-डी-मिशन पद से इस्तीफा दे दिया है।

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने घोषणा की कि मैरी कॉम ने उन्हें संबोधित एक पत्र में अपने पद से मुक्त होने के लिए कहा था।

आईओए अध्यक्ष को लिखे अपने पत्र में, मैरी कॉम ने कहा कि वह पेरिस 2024 में शेफ डी मिशन के रूप में सेवा करने के लिए उन पर विश्वास जताने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ की आभारी हैं।

उन्होंने लिखा, “मैं हर संभव तरीके से अपने देश की सेवा करना सम्मान की बात मानती हूं और मैं इसके लिए मानसिक रूप से तैयार थी। हालांकि, मुझे अफसोस है कि मैं इस प्रतिष्ठित जिम्मेदारी को निभाने में सक्षम नहीं हो पाऊंगी और व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा देना चाहूंगी। एक प्रतिबद्धता से पीछे हटना शर्मनाक है, जो मैं शायद ही कभी करती हूं, लेकिन मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा है।”

आईओए प्रमुख ने एक बयान में कहा, “हमें दुख है कि ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज और आईओए एथलीट आयोग की अध्यक्ष मैरी कॉम ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ दिया है। हम उनके फैसले और उनकी गोपनीयता का सम्मान करते हैं। मैं उचित परामर्श करूंगी और जल्द ही मैरी के प्रतिस्थापन के बारे में घोषणा करूंगी।”

उन्होंने कहा, “मैं उनके अनुरोध को पूरी तरह से समझती हूं और उनके फैसले का सम्मान करती हूं। मैंने उन्हें यह भी बताया है कि उन्हें हमेशा मेरा और आईओए का समर्थन मिलेगा। मैं सभी से उनकी गोपनीयता का सम्मान करने का भी अनुरोध करती हूं।”

41 वर्षीय मुक्केबाज ने ओलंपिक खेलों (2016 रियो और 2020) के दो संस्करणों में देश का प्रतिनिधित्व किया है, लंदन में 2012 खेलों में कांस्य जीता लेकिन टोक्यो में पदक से चूक गईं।

पेरिस ओलंपिक का आयोजन 26 जुलाई से 11 अगस्त तक फ्रांस की राजधानी में होना है।

Related Articles

Latest News