Railway news : जबलपुर. प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर पश्चिम मध्य रेल के तीनों मंडलों में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य अधिकारियों के नेतृत्व में ट्रेनों और स्टेशनों पर लगातार टिकट जांच अभियान चलाए गए। इन विशेष अभियानों के दौरान मई 2026 में बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट और अनबुक्ड लगेज से जुड़े कुल 2.07 लाख मामले पकड़े गए, जिनसे अतिरिक्त किराया और जुर्माने के रूप में 16 करोड़ 82 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि में जबलपुर रेल मंडल सबसे आगे रहा। उल्लेखनीय है कि यह वसूली पिछले वर्ष की समान अवधि के 14 करोड़ 49 लाख रुपये की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है, जो रेलवे की सख्त जांच व्यवस्था का प्रभाव दर्शाती है।
Railway news : मुख्यालय एवं मंडलों पर परफॉरमेंस
मुख्यालय सीसीएम स्क्वाड- मुख्यालय के टिकट निरीक्षकों द्वारा चलाए गए टिकट जांच अभियान में बिना टिकट/अनबुक्ड लगेज/अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वालों के 3 हजार 300 मामलों से 22 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया.
जबलपुर मंडल- टिकट निरीक्षकों द्वारा चलाए गए जांच अभियान में 1 लाख 1 हजार 800 मामलों से 8 करोड़ 87 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया.
भोपाल मंडल- टिकट जांच के दौरान 68 हजार मामलों से 4 करोड़ 93 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया.
कोटा मंडल- टिकट निरीक्षकों ने अभियान के दौरान 34 हजार मामलों से 2 करोड़ 80 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया.
रेलवे की यात्रियों से अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि बिना टिकट यात्रा न करें. यात्रा से पूर्व उचित टिकट अवश्य लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाणिज्य विभाग एवं आरपीएफ के समन्वय से पश्चिम मध्य रेल द्वारा ट्रेनों में टिकट चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे.











