Wednesday, July 22, 2026
Homeराष्ट्रीयWorld Cup में मध्यप्रदेश का जलवा, हॉकी इंडिया टीम में विवेक सागर...

World Cup में मध्यप्रदेश का जलवा, हॉकी इंडिया टीम में विवेक सागर प्रसाद का चयन

World Cup : मध्यप्रदेश के लिए एक बार फिर गर्व का अवसर आया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के एसोसिएट खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद का चयन एफआईएच हॉकी विश्व कप बेल्जियम एवं नीदरलैंड-2026 के लिए घोषित भारतीय पुरुष हॉकी टीम में हुआ है। यह विश्व कप 15 से 30 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें भारतीय टीम विश्व विजेता बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

विवेक सागर प्रसाद का चयन न केवल उनकी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है, बल्कि यह मध्यप्रदेश की खेल अकादमियों में उपलब्ध विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के समग्र विकास की प्रभावी व्यवस्था का भी प्रमाण है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके विवेक अब विश्व हॉकी के सबसे प्रतिष्ठित मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।

भारतीय टीम की कप्तानी अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को सौंपी गई है, जबकि अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह उपस्थिति से टीम को मजबूती देंगे। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम को अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलित मिश्रण बताते हुए विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया है।

भारत को विश्व कप के पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के विरुद्ध करेगी, इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड तथा 19 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला खेलेगी।

मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी से जुड़े खिलाड़ी का विश्व कप टीम में चयन प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का विषय है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेल अकादमियां लगातार राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार कर रही हैं, जिसका परिणाम देश की विभिन्न राष्ट्रीय टीमों में प्रदेश के खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी के रूप में सामने आ रहा है।

Related Articles

Latest News