Saturday, April 25, 2026
Homeराष्ट्रीयशिवसेना ने की कांग्रेस को समर्थन की घोषणा

शिवसेना ने की कांग्रेस को समर्थन की घोषणा

जम्मू (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर इकाई ने जम्मू संभाग की दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा की। पार्टी मध्यवर्ती कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेशाध्यक्ष मनीष साहनी ने कहा कि एक सोची समझी रणनीति के तहत हमारे नेताओं को सुरक्षा न देकर पार्टी के विस्तार व प्रचार से दूर रखा जा रहा है।

साहनी ने कहा कि उन्होंने हमेशा स्थानीय लोगों के हकों के लिए आवाज बुलंद की है। वह लगातार केंद्र की भाजपा सरकार को राज्य का दर्जा लौटाने, कश्मीरी पंडितों की सुरक्षित घर वापसी, अमन बहाली कायम करने का वादे याद दिलाते थे।

इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर को धारा 371 के तहत अपनी सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार, शिक्षा में आरक्षण की मांग कर रहे हैं। साहनी ने कहा कि वह निःशुल्क बिजली-पानी को जम्मू-कश्मीर की जनता का हक मानते हैं और लगातार बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने, बिलों में वृद्धि, सम्पत्ति कर, टोल प्लाजा, पानी के बिलों जैसे सरकारी फरमानों के खिलाफ तथा अस्थाई कर्मचारियों की मांगों के हक में सड़कों पर उतरते रहे हैं। शायद उसी का नतीजा है कि हमारे नेताओं को सुरक्षा न देकर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।

साहनी ने कहा कि जनता जागरूक है और लोकसभा चुनावों में अपने साथ हुए छल, विश्वासघात करने वालों को जरूर सबक सिखाएगी। साहनी ने कहा कि पार्टी नेताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्टी हाईकमान ने जम्मू संभाग की दोनों सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतरने के निर्देश दिए हैं। साहनी ने कहा कि जम्मू तथा कठुआ-उधमपुर पर कांग्रेस के घोषित उम्मीदवार रमन भल्ला, चौधरी लाल सिंह ने हमेशा स्थानीय लोगों के हक पर बात की है। वह इन नेताओं को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हैं।

प्रदेश की तमाम जिला ईकाईयों, कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों को इनके हक में मतदान तथा प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर अध्यक्ष महिला विंग मिनाक्षी छिब्बर, महासचिव विकास बख्शी, सचिव राजेश हांडा उपस्थित थे।

Related Articles

Latest News