लखनऊ (हि.स.)। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2025 में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सफर समाप्त हो गया है। स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली बेंगलुरु की टीम को यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 12 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस पारी की स्टार 21 साल की जॉर्जिया वॉल रहीं, जिन्होंने नाबाद 99 रन बनाए। उन्होंने अपनी 56 गेंदों की पारी में 11 चौके और 5 छक्के लगाए। इसके अलावा, किरण नवगिरे ने मात्र 16 गेंदों में 46 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। ग्रेस हैरिस (39) और दीप्ति शर्मा (18) ने भी टीम के स्कोर में अहम योगदान दिया।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को आक्रामक शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन कप्तान स्मृति मंधाना (4) का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा। एलिस पैरी (28) और शब्बीनैनी मेघना (27) ने कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन टीम की नैया पार नहीं लगा सके। ऋचा घोष (69) ने 33 गेंदों में तेजतर्रार अर्धशतक जड़ा और टीम को जीत की उम्मीद दी, लेकिन उन्हें दीप्ति शर्मा ने आउट कर आरसीबी की वापसी की संभावनाओं को झटका दिया।
जब आरसीबी की हार लगभग तय हो चुकी थी, तब स्नेह राणा ने 6 गेंदों में 26 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 19वें ओवर में दीप्ति शर्मा की गेंदों पर 3 छक्के और 2 चौके जड़े, जिससे यह ओवर डब्ल्यूपीएल के इतिहास का सबसे महंगा ओवर बन गया। हालांकि, वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं और आरसीबी 213 रन ही बना पाई।
इस मुकाबले के नतीजे के साथ ही प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीनों टीमें भी तय हो गईं। मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि दिल्ली कैपिटल्स पहले ही अगले दौर में प्रवेश कर चुकी थी।
आरसीबी की लगातार पांचवीं हार के साथ ही इस सीजन में उनका सफर समाप्त हो गया। दूसरी ओर, पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी यूपी वॉरियर्स ने जीत के साथ अपना अभियान समाप्त किया।











