Friday, September 11, 2026
Homeराष्ट्रीयकांग्रेस नेता रवि राजा भाजपा में शामिल, बने मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष

कांग्रेस नेता रवि राजा भाजपा में शामिल, बने मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष

मुंबई (हि.स.)। कांग्रेस नेता और मुंबई नगर निगम के पूर्व नेता विपक्ष रवि राजा गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने रवि राजा को मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। मौके पर मौजूद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रवि राजा का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि रवि राजा के साथ आने से मुंबई में भाजपा को फायदा होगा।

दरअसल, रवि राजा ने मुंबई के सायन कोलीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से टिकट मांगा था लेकिन टिकट नहीं मिलने से वह नाराज थे। आज सुबह ही रवि राजा कांग्रेस पार्टी की सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां वह औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गए। रवि राजा ने कहा कि वह पिछले 44 वर्षों से कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित रहे लेकिन दिल्ली से टिकट दूसरे को दे दिया गया। जिस पार्टी में उनके काम का सही आकलन न किया जा रहा हो, वहां रहने का कोई मतलब नहीं रह जाता है। इसी वजह से वह कांग्रेस पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए हैं।

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड़ ने बताया कि दो दिन पहले उन्होंने रवि राजा से बात की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि जिसे टिकट मिलेगा, उसके साथ लगकर काम करेंगे। अचानक क्या हो गया, उन्हें नहीं पता। वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि रवि राजा को पार्टी की ओर से पहले कई पद मिले हैं , आगे भी उन्हें मिलता। उनके जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

Related Articles

Latest News