Sunday, July 26, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में सेंट्रल जीएसटी सुपरिटेंडेंट को सीबीआई ने 15 हजार रुपये की...

एमपी में सेंट्रल जीएसटी सुपरिटेंडेंट को सीबीआई ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा

इंदौर (हि.स.)। इंदौर में सेंट्रल जीएसटी के सुपरिटेंडेंट केपी राजन 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए हैं। उन्हें केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने पकड़ा है। सीबीआई ने गुरुवार देर शाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है। राजन पर जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट अनब्लॉक करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक इंदौर के राऊ निवासी सीताराम चौधरी ने बुधवार को भोपाल सीबीआई को शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि सेंट्रल जीएसटी सुपरिटेंडेंट राजन ने जीएसटी की रुकी हुई इनपुट टैक्स क्रेडिट रिलीज जारी करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है। सीताराम चौधरी की पत्नी भारती चौधरी के नाम पर प्लास्टिक और मशीनरी फर्म है। पुख्ता जानकारी हाथ लगने के बाद सीबीआई के आठ अधिकारियों की टीम गुरुवार को इंदौर पहुंची और उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद सीबीआई ने सेंट्रल जीएसटी के सुपरिटेंडेंट के घर और ऑफिस पर छापा मारा है। टीम ने यहां कई दस्तावेज की जांच की।

केपी राजन मूलत: कुड्डालोर (तमिलनाडु) के रहने वाले हैं। 2011 में सीजीएसटी डिपार्टमेंट में उनकी पोस्टिंग हुई थी। वे काफी समय से इंदौर में पदस्थ हैं। राजन प्रमोटी अधिकारी हैं। बीते काफी समय से उनके खिलाफ बिना रिश्वत के काम नहीं करने की शिकायतें भी विभाग के अधिकारियों को मिल रही थीं। ताजा मामले में शिकायत मिलने के बाद 24 घंटे में ही सीबीआई भोपाल के आठ अधिकारियों की टीम इंदौर पहुंची। राजन के खिलाफ अन्य मामलों में भी शिकायतें हैं। उनकी भी जांच की जा रही है। एजेंसी जब्त दस्तावेजों की छानबीन कर रही है। राजन से जुड़े लोग भी जांच के घेरे में आ सकते हैं।

Related Articles

Latest News