मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस (टीएलएम) कर्मियों की दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला मुख्यालय जबलपुर में आयोजित की गई। इस कार्यशाला में प्रदेश के टीएलएम उपसंभाग के 40 कर्मियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला में लाइन कर्मियों को नेतृत्व कौशल, टीम वर्क के साथ सहायक एवं समावेशी तरीके से कार्य करने के अलावा अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित करते हुये प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कहा कि इस तरह की प्रशिक्षण कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य ट्रांसमिशन कंपनी में नये टीम लीडर तैयार करना है, जो पावर सेक्टर में बदलती परिस्थितियां और बढ़ती चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें। उन्होंने कहा कि एमपी ट्रांसको को देश की सर्वश्रेष्ठ ट्रांसमिशन कंपनी बनाये रखने के लिये वर्तमान कार्यशैली में बदलाव की आवश्यकता है, इस तरह की प्रशिक्षण कार्यशालाएं कर्मियों के आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाने में सहायक हो रही है।
उन्होंने कहा कि सभी ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस कर्मियों को बेयरहेंड मैनटेनेन्स कार्य के साथ-साथ हॉट लाइन मैनटेनेन्स की भी ट्रेनिंग भी लेना चाहिए, ताकि वो लाइन मैनटेनेन्स की सभी विधाओं में पारंगत हो सके।
उन्होंने कर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जाना और उन्हें दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने एमपी ट्रांसको में प्रशिक्षण कार्यशालाओं के सतत् संचालन के सूत्रधार अधीक्षण अभियंता सुनील यादव को उनकी उत्कृष्ट कार्य शैली के लिए सम्मानित किया।
मुख्य अभियंता संदीप गायकवाड़ की परिकल्पना पर एमपी ट्रांसको के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस कर्मियों के लिये पहली बार इस तरह की कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें मुख्य बात यह रही कि संदीप गायकवाड़ की प्रेरणा से वरिष्ठ लाइन कर्मियों गप्पू सिहं इटारसी एवं जबलपुर के मंगल पनीका, राजेन्द्र कुशवाहा आदि ने न केवल प्रशिक्षण प्राप्त किया, बल्कि उन्होंने बीच सत्र में अपने अन्य साथियों को जीरो एक्सीडेंट लक्ष्य के साथ किस तरह विभिन्न परिस्थितियों में संयम के साथ कार्य निष्पादित करना है, इस संबंध में अपने अनुभव साझा करते हुये मेंटेनेंस के अति महत्वपूर्ण गुर भी सिखाये।
लाइन कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करने में आमंत्रित विशेषज्ञों में अति. मुख्य अभियंता एसके दुबे भोपाल, एपीएस चौहान, विकास भारिया सिवनी, रवेन्द्र पटेल, कुमार सचिन्द्र, अमित कुमार, जितेन्द्र तिवारी आदि शामिल थे।











