गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कच्छ और जूनागढ़ जिले में हुई इन दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में कुल 10 लोगों की जान चली गई। पहला हादसा कच्छ में हुआ, जहां ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे भी शामिल थे, जिनमें महज तीन महीने की बच्ची भी थी।
सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि वे रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे पर यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव दल को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता और तीन महीने की बेटी शिविका के अलावा राजेश सिंह रावत, उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की मौत हो गई।
वहीं, दूसरा हादसा जूनागढ़ जिले के केशोद-बालागाम रोड पर रविवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। घामिडाना गांव के पास जूनागढ़ से माधवपुर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे पत्थर से टकराने के बाद कार पलट गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।
कार में दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार लोग सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उनकी जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 25 से 27 साल के बीच बताई गई है।
इस भीषण हादसे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई। बताया गया कि वह कार की आगे वाली सीट पर बैठी थीं और टक्कर के दौरान शीशा टूटने से उछलकर पास के खेत में जा गिरीं। हादसे के बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और इमरजेंसी सेवा 112 की टीमें मौके पर पहुंचीं।
दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। गुजरात में हुए इन दोनों हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।








