जबलपुर,। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ग्वालियर क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित 48 वीं अंतरक्षेत्रीय विद्युत टेबल टेनिस प्रतियोगिता का खिताब केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने इंदौर क्षेत्र को 3-1 से पराजित कर जीत लिया। केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने यह खिताब लगातार छठी बार जीता। केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर के पंकज साठे ने ग्वालियर के सुमित अग्रवाल का पराजित कर व्यक्तिगत मुकाबले के विजेता बने।
प्रतियोगिता में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर, जबलपुर क्षेत्र, सागर क्षेत्र, इंदौर क्षेत्र, उज्जैन क्षेत्र, भोपाल क्षेत्र, ग्वालियर क्षेत्र, संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर, सतपुड़ा ताप विद्युत गह सारनी व सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया खंडवा सहित दस टीमों ने भाग लिया।
केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने सेमीफाइनल में ग्वालियर क्षेत्र को और दूसरे सेमीफाइनल में इंदौर क्षेत्र ने जबलपुर क्षेत्र को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पूर्व अपने-अपने वर्ग में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर और इंदौर क्षेत्र ने सभी मैच जीतकर अपराजेय रही। प्रतियोगिता में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर टीम का प्रतिनिधित्व एमसी बलोधी, पंकज साठे, हितेश परमार, दिव्येश सिरसाम व प्रशांत कवडकर ने किया।
केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव फिरोज कुमार मेश्राम, सचिव कार्यालय नितिन खत्री व कार्यालय प्रभारी संजय आनंद ने विजेता केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर टीम की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी और आशा व्यक्त की कि भविष्य में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मण्डल टेबल टेनिस प्रतियोगिता में एमपी पावर की टीम पदक जीतने में सफल होगी।








