Homeराष्ट्रीययूपीआई लेनदेन में महाराष्ट्र देशभर में अव्वल, उत्तर प्रदेश दूसरे और कर्नाटक...

यूपीआई लेनदेन में महाराष्ट्र देशभर में अव्वल, उत्तर प्रदेश दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्थान पर

डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में महाराष्ट्र ने देशभर में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के अक्टूबर माह के आंकड़ों के अनुसार, यूपीआई (UPI) लेनदेन की संख्या और कुल राशि, दोनों ही मामलों में महाराष्ट्र देश में पहले स्थान पर रहा। राज्य में अक्टूबर के दौरान 253.04 करोड़ से अधिक यूपीआई ट्रांजेक्शन दर्ज किए गए, जिनके माध्यम से कुल 2,94,839.55 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। इस तरह महाराष्ट्र ने अन्य राज्यों के मुकाबले डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई।

यूपीआई ट्रांजेक्शन की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश 136.23 करोड़ लेनदेन के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि कर्नाटक 128.01 करोड़ ट्रांजेक्शन के साथ तीसरे स्थान पर रहा। हालांकि, कुल लेनदेन राशि के मामले में कर्नाटक ने दूसरा स्थान हासिल किया। राज्य में 1,76,091.56 करोड़ रुपये का यूपीआई भुगतान हुआ, जबकि 1,67,256.99 करोड़ रुपये के लेनदेन के साथ उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा।

वहीं, यूपीआई ट्रांजेक्शन की संख्या के मामले में तमिलनाडु 99.03 करोड़ लेनदेन के साथ चौथे और तेलंगाना 96.97 करोड़ लेनदेन के साथ पांचवें स्थान पर रहा। कुल लेनदेन राशि के लिहाज से तमिलनाडु में 1,49,202.93 करोड़ रुपये और तेलंगाना में 1,47,348.99 करोड़ रुपये का यूपीआई भुगतान दर्ज किया गया।

मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे महानगरों के साथ-साथ महाराष्ट्र के छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में भी डिजिटल भुगतान का बढ़ता इस्तेमाल राज्य की इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभा रहा है। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक यूपीआई भुगतान तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

 

Related Articles

Latest News