Homeमध्य प्रदेशसागर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई तीर्थयात्रियों की मिनी बस,...

सागर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई तीर्थयात्रियों की मिनी बस, एक बुजुर्ग की मौत और कई घायल

मध्य प्रदेश के सागर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बमोरी बीका के पास तीर्थ यात्रियों से भरी मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मिनी बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में एक बुजुर्ग यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, छिंदवाड़ा जिले के करीब एक दर्जन यात्री मथुरा-वृंदावन में भगवान के दर्शन करने के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद सभी मिनी बस से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब उनकी बस सागर के बमोरी बीका इलाके से गुजर रही थी, तभी सड़क पर आगे चल रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में बस चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद अनियंत्रित मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और एंबुलेंस स्टाफ ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद तीर्थ यात्रा से लौट रहे यात्रियों के परिवारों में चिंता और शोक का माहौल है।

Related Articles

Latest News