Homeराष्ट्रीयWeather Alert: 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM की...

Weather Alert: 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने जारी की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर भारत में जहां कड़ाके की ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है, वहीं कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) के अलर्ट के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत 12 राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है।

कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है, जिनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से ठंड और बढ़ सकती है। दिल्ली-NCR की बात करें तो राजधानी में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। 22 नवंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों, जिनमें गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, गौतमबुद्ध नगर, रामपुर, सहारनपुर, बरेली, पीलीभीत और बदायूं शामिल हैं, में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी गई है।

यहां हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ेगा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बिहार में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है। मुंगेर, बेगूसराय, किशनगंज, अररिया, नालंदा, रोहतास, गया, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दूसरी ओर, दक्षिण भारत में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुक्कोट्टई और रामनाथपुरम समेत 10 जिलों में 22 नवंबर को मध्यम बारिश हो सकती है। तटीय और दक्षिणी तमिलनाडु में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। चेन्नई में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

तेज हवाओं और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें तथा मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी पर नजर बनाए रखें।

Related Articles

Latest News