बिजली सेवा आकस्मिक सेवा हैं, इसमें बिजली का काम करने वाले लोकसेवकों को सुरक्षा, सतर्कता, सजगता, सावधानी से कार्य करना चाहिए, सावधानी हटी- दुर्घटना घटी… इन्हीं बातों के समझाते हुए इंदौर ग्रामीण वृत्त एवं इंदौर शहर वृत्त के उत्तर संभाग की सेफ्टी ट्रेनिंग का आयोजन तुकोगंज स्थित होटल में किया जा रहा हैं।
मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के ग्रामीण वृत्त के अधीक्षण यंत्री डॉ. डीएन शर्मा ने बताया कि महू, इंदौर ग्रामीण, मांगलिया, सांवेर, देपालपुर, हातोद, बेटमा, गौतमपुरा, बूढ़ी बरलाई, कनाडिया, दूधिया, पीथमपुर, आगरा, अटाहेड़ा इत्यादि क्षेत्रों के 225 कर्मचारी विभिन्न सत्रों में भाग ले रहे हैं।
डॉ. शर्मा ने कार्मिकों से सुरक्षा के लिए तनावमुक्त माहौल में विद्युत कार्य करने, अति आत्मविश्वास से दूर रहने के साथ ही सुरक्षा उपकरणों का भरपूर उपयोग करने को कहा एवं सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई। चिकित्सा कर्मियों ने सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार का डेमो भी दिया।
विद्युत कार्मिकों को डिस्चार्ज रॉड, ग्लोब्ज, हेलमेट इत्यादि के उपयोग करने एवं इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करने की प्रक्रिया की ट्रेनिंग भी दी गई।
इधर इंदौर शहर वृत्त के तहत उत्तर संभाग के 80 कार्मिकों की ट्रेनिंग भी प्रारंभ हुई। इसमें कार्यपालन यंत्री विनय प्रताप सिंह, अभियंता पप्पू परमार, उच्चदाब प्रकोष्ठ प्रभारी धर्मेंद्र पंवार आदि ने सुरक्षा नियम, सजगता, सावधानी रखने एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय पर सारगर्भित उद्बोधन दिया।











