Friday, September 11, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमडी की दो टूक- बिजली कार्मिक की परफॉर्मेंस की समीक्षा कर भविष्य...

एमडी की दो टूक- बिजली कार्मिक की परफॉर्मेंस की समीक्षा कर भविष्य में दी जाएगी पदस्थापना

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने कहा कि स्मार्ट मीटर स्थापना का लाभ उपभोक्ता और कंपनी को पूर्ण रूप से तभी मिल पाएगा जब बिजली कार्मिक पूर्ण रूप से सजग होंगे। यह बात उन्होंने इस संदर्भ में कही कि राजधानी में एक लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और इसके सकारात्‍मक परिणाम निकट भविष्‍य में मिलने लगेंगे।

एमडी क्षितिज सिंघल मंगलवार को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्यालय में सिटी सर्किल भोपाल के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में मुख्य महाप्रबंधक अमृतपाल सिंह, महाप्रबंधक बीबीएस परिहार सहित चारों संभागों के अपर महाप्रबंधक, प्रबंधक एवं कनिष्ठ प्रबंधक उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के लिये 1431 नये पद स्वीकृत

प्रबंध संचालक ने कहा कि गर्मी का मौसम आने वाला है। राजधानी में रखरखाव प्रभावी ढंग से किया जाए और इस बात का खास ध्यान रखा जाए की रखरखाव से उपभोक्ता को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया की रखरखाव ऐसा होना चाहिए कि गर्मी के दिनों में और मानसून के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से मिले और कम से कम ट्रिपिंग आए।

प्रबंध संचालक ने स्पष्ट किया कि मार्च का महीना शुरू हो गया है, राजस्व वसूली के लिए बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्‍शन प्रभावी ढंग से डिस्कनेक्‍ट किये जाएं ताकि बकाया राशि कंपनी के खाते में जमा हो।

उन्होंने कहा कि चालू बिल के साथ-साथ बकाया राशि भी वसूल की जानी है ताकि सकल तकनीकी एवं वाणिज्यिक हानि कम की जा सके। उन्होंने कहा की बिलिंग दक्षता तथा राजस्व संग्रहण दक्षता में सुधार दिखना चाहिए इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।

एमडी ने स्पष्ट किया कि इस वित्तीय वर्ष के बाद अप्रैल माह में भोपाल शहर में कार्यरत बिजली कार्मिकों की परफॉर्मेंस की समीक्षा कर उन्हें भविष्य में पदस्थापनाएं दी जाएंगी। इसलिए जो बेहतर कार्य करने वाले कार्मिक होंगे उन्‍हें पुरस्‍कृत किया जाएगा वहीं नॉन परफॉर्मर कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Latest News