मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) श्रीमती नीता राठौर एवं अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक (प्रशासन) एसके गिरिया द्वारा आज 6 मई 2025 को 1912 Nidaan 2.0 ऑफिसर पोर्टल के नवीन संस्करण का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर केंद्रीयकृत निदान कॉल सेंटर 1912 के उपमहाप्रबंधक रवितोष कुमार शर्मा ने पोर्टल की नई विशेषताओं की जानकारी दी।
उपमहाप्रबंधक शर्मा ने बताया कि मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती नीता राठौर एवं अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक एसके गिरीया के मार्गदर्शन में उपभोक्ता सेवाओं के साथ-साथ अधिकारियों व कर्मचारियों के कार्यों को और अधिक सरल, प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 1912 Nidaan 2.0 ऑफिसर पोर्टल को नए अपडेट और बेहतर प्रणाली के साथ लॉन्च किया गया है, जिससे पोर्टल का उपयोग और अधिक सहज एवं सुगम हो गया है।
उपमहाप्रबंधक ने यह भी बताया कि केंद्रीकृत कॉल सेंटर 1912, जो जबलपुर, रीवा, सागर एवं शहडोल क्षेत्रान्तर्गत सभी जिलों के विद्युत उपभोक्ताओं की विद्युत सम्बंधित सभी प्रकार की शिकायतों के निवारण हेतु 24×7 कार्य करता है। इसमें उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित रूप से सूचित किया जाता है, एवं समाधान के पश्चात उपभोक्ता को की गई कार्यवाही की जानकारी दी जाती है। यह प्रक्रिया उपभोक्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के उपरांत ही पूर्ण होती है। नए पोर्टल के माध्यम से यह प्रक्रिया और अधिक प्रभावी, त्वरित एवं पारदर्शी बन सकेगी।
1912 Nidaan 2.0 ऑफिसर पोर्टल की प्रमुख विशेषताएं
- सरल एवं प्रभावी डैशबोर्ड: अधिकारियों के कार्यों एवं रिपोर्ट्स को सहज रूप से देखा और समझा जा सकता है।
- उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस (User-Friendly): पोर्टल का डिज़ाइन सरल, सहज एवं इंटरैक्टिव है, जिससे सभी अधिकारी इसे सुगमता से उपयोग कर सकें।
- मोबाइल-अनुकूलता (Mobile-Friendly): पोर्टल मोबाइल डिवाइस पर भी पूरी कार्यक्षमता के साथ सुचारू रूप से कार्य करता है।
- तेज़ गति (Enhanced Speed): पोर्टल की परफॉर्मेंस को अपग्रेड किया गया है, जिससे कार्य निष्पादन की गति में वृद्धि हुई है।
- बेहतर संपर्क सुविधा: अधिकारियों एवं 1912 एजेंट्स के बीच संवाद को और अधिक सुगम बनाया गया है।
- सुधारित कनेक्टिविटी सूची: सर्कलवार टॉप व बॉटम अधिकारियों की सूची डैशबोर्ड पर उपलब्ध है, जिससे समन्वय और कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।
- त्वरित संपर्क: सभी अधिकारियों के कनेक्ट नंबर पोर्टल पर उपलब्ध हैं, जिससे CRM संबंधित समस्याओं का समाधान शीघ्रता से संभव हो सकेगा।
इस नवीन संस्करण के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक सुलभ एवं प्रभावी ढंग से करने में सहायता मिलेगी। यह पोर्टल न केवल कार्यों में पारदर्शिता और गति लाएगा, बल्कि उपभोक्ता संतुष्टि के स्तर को भी और अधिक बेहतर बनाएगा।
इस अवसर पर मैग्नम सुपर डिस्ट्रीब्यूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी एवं कंपनी के अनेक वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे एवं उन्होंने पोर्टल की नई सुविधाओं की सराहना की। नए पोर्टल के शुभारंभ के अवसर पर सभी अधिकारियों से आग्रह किया गया कि वे इस पोर्टल की सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाते हुए उपभोक्ता सेवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में योगदान दें।









