बिजली कर्मी असुरक्षित माहौल में कार्य कर रहे हैं, जहाँ कहीं भी कभी भी उनके साथ अभद्रता, मारपीट जैसे घटनाएं घटित हो जाती हैं।
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत जबलपुर डिविजन के पनागर डीसी के उर्दूआ खुर्द 33/11 सब-स्टेशन में ड्यूटी कर रहे ऑपरेटर आकाश पटेल के साथ मारपीट किये जाने की घटना को लेकर लाइन कर्मियों में आक्रोश है और लाइन कर्मियों ने मारपीट करने वाले आरोपियों को यथाशीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने सब-स्टेशन ऑपरेटर के साथ हुई मारपीट की घटना पर आक्रोश जताते हुए बताया कि पूर्व क्षेत्र कंपनी को पत्र लिखकर इस बात से अवगत कराया गया था कि हर सब-स्टेशन में सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे लगाने की व्यवस्था की जाये, क्योंकि किसी भी प्रकार की घटना उसमें रिकॉर्ड हो जाती है और सबूत के तौर पर आगे उसका उपयोग किया जा सकता है।
साथ ही इस बात से भी कंपनी प्रबंधन को अवगत कराया जा चुका है कि ऑपरेटर के साथ तीनों शिफ्ट में हेल्पर का होना भी अतिआवश्यक है मगर आला अधिकारियों के द्वारा इस सुझाव को माना ही नहीं जाता है।
संघ के मोहन दुबे, अजय कश्यप, राजकुमार सैनी, लाखन सिंह राजपूत, विनोद दास, इंद्रपाल सिंह, संदीप दीपंकर, राजेश झरिया, दशरथ शर्मा, मदन पटेल आदि ने मांग की है कि तत्काल और सामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया जाये और साथ ही सभी सब-स्टेशनों में सीसीटीवी कैमरे लगाये जायें।










