Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयIPL 2025: चौथे स्थान के लिए मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स में...

IPL 2025: चौथे स्थान के लिए मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स में मुकाबला, सम्मान के लिए भिड़ेंगे सीएसके और राजस्थान रॉयल्स

नई दिल्ली (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के प्लेऑफ की दौड़ से एक और टीम बाहर हो गई है। सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। वह टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पांचवीं टीम बन गई है।

अब तीन टीमों- गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स ने पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। चौथे और अंतिम स्थान के लिए अब मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच है।

21 मई को होगा निर्णायक मुकाबला

आईपीएल के फिर से शुरू होने के बाद मुंबई इंडियंस का यह पहला मुकाबला होगा, जो 21 मई को वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला जाएगा। यह मैच प्लेऑफ की तस्वीर काफी हद तक साफ कर सकता है। अगर मुंबई यह मैच जीतती है, तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी, भले ही उसका आखिरी लीग मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ बाकी हो। वहीं, दिल्ली अधिकतम 15 अंक तक ही पहुंच सकती है, इसलिए वह बाहर हो जाएगी।

अगर दिल्ली ने मुंबई को हराया तो समीकरण बदलेंगे

अगर दिल्ली कैपिटल्स यह मैच जीत जाती है, तो उसके 15 अंक हो जाएंगे और मुंबई 14 पर ही रह जाएगी। ऐसे में दोनों टीमों के पास प्लेऑफ में पहुंचने का एक और मौका होगा, जो उनके अंतिम लीग मुकाबलों पर निर्भर करेगा।

दिल्ली अगर अपने दोनों मैच जीतती है (मुंबई और पंजाब के खिलाफ), तो उसके 17 अंक हो जाएंगे और वह सीधे प्लेऑफ में पहुंचेगी। मुंबई अगर दिल्ली से हारने के बाद पंजाब को हराती है, तो उसके 16 अंक होंगे। यदि दिल्ली पंजाब से हार जाती है, तो वह 15 अंक पर रह जाएगी और बाहर हो जाएगी।

21 मई या 26 मई तक हो सकता है फैसला

चौथे प्लेऑफ स्पॉट की तस्वीर 21 मई को ही साफ हो सकती है, अगर मुंबई जीत जाती है। लेकिन अगर दिल्ली जीतती है, तो यह फैसला 26 मई तक खिंच सकता है, जब मुंबई और पंजाब के बीच आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि प्लेऑफ में पहुंचने की रेस जल्द खत्म हो सकती है, लेकिन शीर्ष दो स्थानों की लड़ाई, जिससे फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलते हैं, वह लीग के अंतिम चरण तक जारी रहने की संभावना है।

वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ की उम्मीदें कब की खत्म हो चुकी हैं। दोनों ही टीमें अब केवल सम्मान के लिए इस मुकाबले में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलने के उतरेगी। इस मुकाबले में सबसे बड़ा सवाल यही होगा- कौन बच पाएगा इस सीजन की सबसे निचली पायदान यानी ‘वुडन स्पून’ से?

सीएसके और राजस्थान रॉयल्स के सीजन की कहानी एक जैसी खत्म हुई, लेकिन रास्ते काफी अलग रहे। राजस्थान रॉयल्स ने चार ऐसे मुकाबले गंवाए जो उनकी मुट्ठी में थे, वहीं चेन्नई की टीम अपने गौरवशाली इतिहास की परछाई बनकर रह गई। यह फ्रेंचाइज़ी का शायद अब तक का सबसे निराशाजनक प्रदर्शन रहा है।

जहां टीम के स्तर पर अब कोई बड़ी प्रेरणा नहीं बची है, वहीं व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज़ से यह मुकाबला कई खिलाड़ियों के लिए अहम साबित हो सकता है। युवा खिलाड़ियों और बाहर बैठे सितारों को खुद को साबित करने का एक और मौका मिलेगा, जो इस ‘डेड-रबर’ मुकाबले को देखने लायक बना सकता है।

पिछले मुकाबले में इसी मैदान पर गुजरात टाइटंस ने आसानी से 200 का लक्ष्य हासिल किया था। हालांकि पिच में बदलाव संभव है, लेकिन आमतौर पर यहां आक्रामक बल्लेबाज़ी को मदद मिलती है।

हेड टू हेड की बात करें तो सीएसके का राजस्थान पर अब तक 16-14 का बढ़त है, लेकिन साल 2020 के बाद से राजस्थान ने चेन्नई के खिलाफ 9 में से 7 मैच जीते हैं। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन, चेन्नई के स्पिन जोड़ी अश्विन-जडेजा के खिलाफ ज्यादा स्ट्राइक रेट से नहीं खेल पाए हैं। छोटे मैदान के बावजूद यह जोड़ी उन्हें परेशान कर सकती है।

Related Articles

Latest News