एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद ने वर्ष 2025-26 के लिए अंतरक्षेत्रीय विद्युत खेल प्रतियोगिता का कैलेण्डर जारी कर दिया है। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर क्षेत्र द्वारा तैराकी और लॉन टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। तैराकी प्रतियोगिता इस वर्ष अगस्त के तृतीय सप्ताह में और लॉन टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन अगले वर्ष जनवरी माह के तृतीय सप्ताह में किया जाएगा।
केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद द्वारा जारी कैलेण्डर के अनुसार सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उज्जैन क्षेत्र द्वारा टेबल टेनिस, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के रीवा क्षेत्र द्वारा सितंबर माह के द्वितीय सप्ताह में कैरम व शहडोल क्षेत्र द्वारा सितंबर माह के तृतीय सप्ताह में शरीर सौष्ठव व पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई द्वारा अक्टूबर माह के द्वितीय सप्ताह में ब्रिज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहडोल क्षेत्र के तत्वावधान में नवम्बर माह के प्रथम सप्ताह में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी द्वारा नवम्बर माह के द्वितीय सप्ताह में महिला खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। महिला खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस, बैडमिंटन व टेनीक्वाईट स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
पावर जनरेटिंग कंपनी के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी द्वारा नवम्बर माह के द्वितीय सप्ताह में पुरूषों की बैडमिंटन व मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल क्षेत्र द्वारा नवम्बर के तृतीय सप्ताह में एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर के तत्वावधान में दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सागर क्षेत्र के तत्वावधान में दिसंबर माह के द्वितीय सप्ताह में क्रिकेट व मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर क्षेत्र द्वारा दिसंबर माह के द्वितीय सप्ताह में ही टग ऑफ वार (रस्साकसी) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ग्वालियर क्षेत्र द्वारा अगले वर्ष जनवरी माह के सप्ताह में हॉकी व मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर क्षेत्र द्वारा जनवरी के द्वितीय सप्ताह में फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
पावर जनरेटिंग कंपनी के श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया (खंडवा) के तत्वावधान में अगले वर्ष फरवरी के प्रथम सप्ताह में कबड्डी व ग्वालियर क्षेत्र द्वारा फरवरी के द्वितीय सप्ताह में वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में अंतरक्षेत्रीय नाटक प्रतियोगिता और दिसंबर के तृतीय सप्ताह में टोंस जल विद्युत गृह सिरमौर सांस्कृतिक प्रतियोगिता को आयोजित करेगा। इस संबंध में सभी क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं से प्रतियोगिताओं को निर्धारित कैलेण्डर के अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।










