मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम में आवश्यक संशोधन करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत न्यास की सत्तर प्रतिशत राशि का व्यय उच्च प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के विकास पर किया जाएगा।
मंत्रिपरिषद द्वारा लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने बताया कि बैठक में छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत नियम और छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन तथा व्यवसाय नियम को रद्द करते हुए नये नियम ‘‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत नियम दो हजार पच्चीस का अनुमोदन किया गया।
अरूण साव ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने कृषि भूमि के बाजार मूल्य दरों के निर्धारण के संबंध में वाणिज्य कर पंजीयन विभाग से प्राप्त प्रस्ताव का भी अनुमोदन किया है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतमाला परियोजना और बिलासपुर के अरपा भैंसाझार में जिस तरह की अनियमितताएं सामने आई थीं, उनसे बचने के लिए यह व्यवस्था मददगार होगी। मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को नवा रायपुर स्थित ग्राम परसदा में क्रिकेट अकादमी की स्थापना के लिए करीब आठ एकड़ भूमि आबंटित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है।
समाचार स्रोत- शब्द










