SHABD, भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के बीच कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक विधानसभा में आज मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान मंत्री परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जानकारी के अनुसार कैबिनेट की बैठक में जबलपुर के लिए बड़ा फैसला हुआ है, जबलपुर जिले के रांझी में 100 बिस्तर का नया सरकारी अस्पताल बनेगा, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के लिए बनने वाले इस अस्पताल के लिए पांच एकड़ जमीन देने का फैसला किया गया है।
इसके अलावा मुरैना जिले में 600 मेगावाट बिजली उत्पादन और भंडारण के लिए भी सरकार ने गारंटी देने का प्रस्ताव पास कर दिया है।
वहीं बैठक में एक और बड़ा फैसला लिया गया है, जिसमें मध्य प्रदेश के दो नए जिले मऊगंज और पांढुर्णा में बीजेपी के ऑफिस सरकारी जमीन पर बनाए जाएंगे, इसके लिए भी जमीन दी जाएगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के चौथे चरण को सरकार ने मंजूरी दी गई है। साथ ही सहकारिता आयुक्त और पंजीयक सहकारी संस्थाएं भोपाल में पीएमयू सेल के गठन को लेकर चर्चा के बाद मंजूरी दी गई।











