Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयहोशियारपुर में बड़ा हादसा, LPG टैंकर ब्लास्ट में 1 की मौत, 20...

होशियारपुर में बड़ा हादसा, LPG टैंकर ब्लास्ट में 1 की मौत, 20 लोग झुलसे

पंजाब के होशियारपुर-जालंधर मार्ग पर गांव मंडियाला के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक एलपीजी टैंकर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल, होशियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जिनकी हालत नाजुक है, उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च स्तरीय अस्पतालों में रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही होशियारपुर, दसूहा, फगवाड़ा और जालंधर से फायर ब्रिगेड की टीमों को मौके पर भेजा गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। घटनास्थल पर पहुंचे पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री रवजोत सिंह, स्थानीय विधायक ब्रम शंकर जिम्पा और डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने स्थिति का जायज़ा लिया और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि घटना की जांच के लिए नसराला डिपो के अधिकारियों को गैस के रिसाव और विस्फोट के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, एहतियात के तौर पर हादसे वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मौके पर एसडीआरएफ की टीम भी तैनात की गई है, जो हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Latest News