Homeमध्य प्रदेशबिजली कंपनी के इतिहास में पहली बार महिला सिविल अटेंडेंट की नियुक्ति

बिजली कंपनी के इतिहास में पहली बार महिला सिविल अटेंडेंट की नियुक्ति

मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी में 46 नवनियुक्त कार्मिकों ने कंपनी में अपनी औपचारिक उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें 7 महिला जूनियर इंजीनियर और कंपनी के इतिहास में पहली बार नियुक्त की गई एक महिला सिविल अटेंडेंट भी शामिल हैं।

एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने इन नये कार्मिकों का अभिनंदन और स्वागत करते हुये उनसे परिचय प्राप्त किया। प्रबंध संचालक ने नवागत जूनियर इंजीनियरों को संबोधित करते हुये कहा कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी देश की सर्वश्रेष्ठ पावर कंपनियों में से एक है, जिसका एक मुख्य कारण यहां कार्य करने का एक सकारात्मक वातावरण है। अतः सभी के सामने इस श्रेष्ठता को कायम रखने की चुनौती रहेगी।

उन्होंने कहा कि कंपनी में जूनियर इंजीनियर का दायित्व किसी भी एक विशेष क्षेत्र तक सीमित नही है, बल्कि उनके पास नवीनतम टेक्नालॉजी के साथ एमपी ट्रांसको के किसी भी क्षेत्र में कार्य करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहेगा।

प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने नवागत इंजीनियरो से कंपनी की जीरो एक्सीडेंट पालिसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये अपना कैरियर प्रारंभ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामान्यतः देश में एक्स्ट्रा हाईटेंशन सब-स्टेशनों के इंचार्ज सहायक अभियंता स्तर के अधिकारी होते है, पर एमपी ट्रांसको ने इससे आगे बढ़ते हुये जूनियर इंजीनियरों को महत्व देकर उन्हें सब-स्टेशनों का इंचार्ज बनाने का एक सफल प्रयोग किया है। इसके अलावा जूनियर इंजीनियरों को फील्ड में कार्य संपादित कराने की जिम्मेदारी भी दी गई है। जूनियर इंजीनियर प्रबंधन और फील्ड कार्मिकों के बीच की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। 

एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता धीरेंद्र सिंह के अनुसार नवनियुक्त कार्मिकों में 27 कनिष्ठ अभियंता (ट्रांसमिशन) और 19 सिविल अटेंडेंट शामिल हैं। सभी को आवश्यक प्रशिक्षण देकर जल्द ही विभिन्न स्थानों पर पदस्थ किया जाएगा। इन नई नियुक्तियों से तकनीकी कार्यों में तेजी आएगी और मैदानी अमले को कार्य करने में अधिक सहजता व सहयोग मिलेगा।

Related Articles

Latest News