Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशमध्‍य प्रदेश में कोहरे से राहत, लेकिन सर्दी का सितम जारी

मध्‍य प्रदेश में कोहरे से राहत, लेकिन सर्दी का सितम जारी

भोपाल,(हि.स.)। मध्य प्रदेश में कोहरे की तीव्रता में कमी आई है, लेकिन ठंड का असर और तेज हो गया है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, ऐसे में नए साल पर पचमढ़ी जाने वाले पर्यटकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा इलाका शहडोल का कल्याणपुर रहा। वहीं, कई शहरों में पारा 7 से 9 डिग्री के बीच बना हुआ है।

प्रदेश में कोहरे का असर भले ही कम हुआ हो, लेकिन दिल्ली से भोपाल, उज्जैन और इंदौर आने वाली ट्रेनों की रफ्तार अब भी प्रभावित है। पिछले एक सप्ताह से कई ट्रेनें 5 से 8 घंटे तक देरी से चल रही हैं।

गुरुवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और शहडोल में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में कोहरा और कम होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

बुधवार की रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री पर पहुंच गया। सीजन में पहली बार पचमढ़ी में इतना कम तापमान रहा है। कल्याणपुर में यह 6.3 डिग्री रहा। यह प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा।

नौगांव में पारा 7 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 7.4 डिग्री, मलाजखंड में 7.6 डिग्री, रीवा में 8.2 डिग्री, उमरिया में 8.3 डिग्री, रायसेन, छिंदवाड़ा-मंडला में 9 डिग्री, खजुराहो में 9.2 डिग्री और टीकमगढ़ में तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि 27 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर मध्यप्रदेश में ठंडी हवाओं के रूप में दिख सकता है। फिलहाल उत्तरी हवाओं और जेट स्ट्रीम के प्रभाव से इंदौर, भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में दिन के तापमान में भी ठंडक बनी हुई है।

Related Articles

Latest News