जबलपुर। एमपी के जबलपुर की पूर्व विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती अपराधिक वारदातों व बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रैली जब पूर्व मंत्री अंचल सोनकर के घर के सामने से निकली। तब उनके बेटे सुशांत उर्फ राजा सोनकर ने बालकनी से पिस्टल व एक महिला ने चप्पल दिखाई। इसका वीडियो सामने आने के बाद राजा बोला वो तो खिलौना था।
बताया गया है कि कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में निकाली जा रही रैली जब ब्यौहारबाग के सामने से गुजर रही थी, इस दौरान पूर्व मंत्री अंचल सोनकर के बेटे राजा पिस्टल निकालकर लहराते हुए मारने का इशारा कर रहे थे। वहीं एक महिला भी चप्पल दिखा रही थी। इस मामले का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इस पर आपत्ति लीए। जिसपर एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने उनसे लिखित शिकायत मांगी है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विधिवत आवेदन मांगा है। हम आवेदन थाना प्रभारी को भेजकर वीडियो की पुष्टि कराकर मामले में एफआईआर दर्ज करेंगे।
राजा सोनकर दी सफाई, कहा पिस्टल नहीं खिलौना था-
मामले के तूल पकड़ते ही पूर्व विधायक के बेटे राजा ने सफाई दी है। उन्होंने एसपी को एक शिकायत पत्र सौंपा है। जिसमें कहा है कि मैं राजनीतिक परिवार से हूं, इसलिए अन्य राजनीतिक संगठन मेरी और मेरे परिवार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मेरे घर के सामने से रैली निकाल रहे थे। घर के सामने आकर कार्यकर्ता मेरे, पिता और भाजपा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए नारेबाजी करने लगे। मुझे और मेरे पिता को गालियां दी गईं।
खिलौना दिखाकर भीड़ रोकने का प्रयास किया-
राजा ने कहा कि रैली निकलते समय मैं अपने बच्चे के साथ खेल रहा था। उसी की खिलौने वाली बंदूक लेकर मैं बालकनी में आ गया। भीड़ मेरे घर की तरफ आ रही थी इसलिए मैंने उसी बंदूक (खिलौने) को दिखाकर उसे रोकने का प्रयास किया है। परिवार की छवि धूमिल करने के लिए इस खिलौने को असली बंदूक बताया जा रहा है। यह अफवाह है। झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास भी किया जा रहा है।











