Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशशहडोल में कार्रवाई से गुस्साए खनन माफियाओं ने रेंजर सहित वनकर्मियों को...

शहडोल में कार्रवाई से गुस्साए खनन माफियाओं ने रेंजर सहित वनकर्मियों को बंधक बनाकर पीटा

एमपी के शहडोल के सोहागपुर मेंं खनन माफियाओं की दबंगई का एक मामला सामने आया है. जहां वन विभाग की टीम पर कोल माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया. जिसमें रेंजर सहित वन अमले को बंधक बनाकर मारपीट की गई. मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है.

मामला सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बडखेरा के खेतौली बीट सीमा स्थित सोन नदी का है. जहां वन विभाग की टीम अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर लौट रही थी. इसी दौरान वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने अचानक हमला कर दिया. शहडोल रेंजर रामनरेश विश्वकर्मा समेत वन अमले के कर्मचारियों को माफियाओं ने घेर कर बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की गई. हमले में सभी को चोटें आई हैं.

बताया जा रहा कि, सोन नदी के किनारे कोल माफिया लंबे समय से अवैध खनन कर कोयले का परिवहन कर रहे थे. वन विभाग को इसकी सूचना जैसे ही मिली टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. उसके बाद जब वन अमला वापस लौट रहा था, तभी करीब 30 से अधिक लोगों ने रास्ता रोक लिया और वन कर्मचारी पर हमला बोल दिया.

सख्त एक्शन लिया जाएगा

शहडोल साउथ डीएफओ श्रद्धा प्रेंद्रे ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, वन कर्मियों पर हमला बहुत ही गंभीर विषय है. दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा. वहीं इस पूरे मामले में सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडे ने जानकारी देते हुए बताया है कि, वन विभाग की ओर से एक शिकायत आई है, जिस पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस जांच में जुटी हुई है, मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Latest News