नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आयोजित AI समिट के दौरान हुए हंगामे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताया है।
वीडियो संदेश जारी करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि ग्लोबल AI समिट में जहां एक ओर भारत की प्रतिभा और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन हुआ, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने अपनी “निम्न स्तर की राजनीति” का परिचय दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल नकारात्मक राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्रहित के खिलाफ आचरण है।
त्रिवेदी ने यूथ कांग्रेस को ‘लश्कर-ए-राहुल’ बताते हुए कहा कि पहले Rahul Gandhi विदेशों में भारत के खिलाफ बयान देते थे और अब उनके समर्थक देश की धरती पर विदेशी मेहमानों के सामने भारत की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है।
भारत मंडपम में प्रदर्शन, देशभर में बीजेपी का विरोध
दिल्ली के Bharat Mandapam में शुक्रवार (20 फरवरी) को AI समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट उतारकर नारेबाजी की, जिसके बाद मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।
घटना के बाद भाजपा ने शनिवार (21 फरवरी) को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया। दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किए गए। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से माफी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अकबर रोड पर दो परतों में बैरिकेडिंग की, लेकिन कुछ स्थानों पर गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश भी की। AI समिट में हुए इस विवाद ने सियासी माहौल को गरमा दिया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।











