मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को मिली धमकी और कथित रंगदारी मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई पुलिस के अनुसार, धमकी भरा वॉयस मैसेज लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य हैरी बॉक्सर ने भेजा था। इस मामले में पुलिस ने हैरी बॉक्सर और उसके सहयोगी शुभम लोनकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आरोपी हरिचंद्र उर्फ हैरी बॉक्सर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमण्यम को पहले तीन बार धमकी भरे कॉल किए गए। कॉल रिसीव न होने पर व्हाट्सएप के जरिए एक ऑडियो मैसेज भेजा गया, जिसमें बड़ी रकम की मांग की गई। जांच में सामने आया है कि ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज हैरी बॉक्सर की है, जो कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा है।
मुंबई पुलिस ने वॉयस नोट की पुष्टि के लिए पंजाब और हरियाणा पुलिस की मदद ली थी। तकनीकी जांच के बाद आवाज की पहचान हैरी बॉक्सर के रूप में हुई। इसके बाद मुंबई साइबर पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली। अब मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पता चला था कि धमकी अमेरिकी नंबर से व्हाट्सएप वॉयस नोट के जरिए भेजी गई थी। आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया, जिससे आईपी एड्रेस और लोकेशन ट्रैक करना मुश्किल हो गया। बाद में जांच में स्पष्ट हुआ कि संदेश भेजने वाला व्यक्ति लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है।
यह धमकी हाल ही में फिल्म निर्माता Rohit Shetty के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद सामने आई। बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह से भारी रकम की मांग की गई थी। धमकी मिलते ही अभिनेता ने मुंबई पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई।
मुंबई के वर्ली स्थित ब्यू मोंडे सोसायटी में रणवीर सिंह के घर के बाहर अब सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात हैं। क्राइम ब्रांच ने मैनेजर का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।











