Sunday, July 26, 2026
Homeबॉलीवुडतापसी पन्नू का बड़ा खुलासा, हीरो की पसंद और अफवाहों के कारण...

तापसी पन्नू का बड़ा खुलासा, हीरो की पसंद और अफवाहों के कारण हाथ से निकलीं कई फिल्में

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं। हालांकि, इंडस्ट्री में यही साफगोई कई बार उनके लिए मुश्किलें भी खड़ी कर देती है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया कि कई फिल्मों से उनका नाम सिर्फ इसलिए हटा दिया गया क्योंकि हीरो उन्हें कास्ट नहीं करना चाहते थे या फिर उनके बारे में गलत धारणाएं फैलाई गईं।


“फैसले अक्सर हीरो ही लेते हैं”

एक बातचीत में तापसी ने कहा कि उन्हें सीधे तौर पर कभी यह नहीं बताया गया कि उन्हें क्यों रिप्लेस किया गया, लेकिन इतना जरूर सुनने में आया कि कुछ हीरो उनके साथ काम नहीं करना चाहते थे।

उनका कहना है कि जिन फिल्मों में हीरो-हीरोइन दोनों अहम होते हैं, वहां अक्सर कास्टिंग को लेकर अंतिम फैसला हीरो का होता है — जब तक कि फिल्म का निर्देशक खुद बड़ा नाम न हो। तापसी ने साफ कहा कि यह इंडस्ट्री की एक खुली सच्चाई है, जिसके बारे में सभी जानते हैं, लेकिन खुलकर कोई बात नहीं करता।


‘डंकी’ का उदाहरण

तापसी ने उदाहरण देते हुए बताया कि जब राजकुमार हिरानी ने तय कर लिया कि फिल्म डंकी में वही नजर आएंगी, तो फिर किसी और की राय मायने नहीं रखी। इस फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर की थी।

तापसी के मुताबिक, यह कास्टिंग कई लोगों के लिए चौंकाने वाली थी क्योंकि वह खुद को पारंपरिक कमर्शियल फिल्मों के दायरे में फिट नहीं मानतीं और न ही शाहरुख खान के साथ उनकी कोई नियमित ऑन-स्क्रीन जोड़ी रही है। लेकिन निर्देशक का उन पर भरोसा ही इस फैसले की असली वजह बना।


“मेरे साथ काम करना मुश्किल?”

तापसी ने यह भी कहा कि उनके बारे में यह अफवाह फैलाई जाती है कि उनके साथ काम करना आसान नहीं है। हालांकि, वह इस दावे को खारिज करती हैं। उनका तर्क है कि जिन निर्देशकों ने उनके साथ एक बार काम किया, उन्होंने उन्हें बार-बार अपनी फिल्मों में कास्ट किया है।

उनके शब्दों में, “अगर मैं वाकई सेट पर मुश्किलें खड़ी करती, तो कोई निर्देशक मुझे दोबारा क्यों साइन करता?”


काम को ही बोलने देती हैं तापसी

अभिनेत्री का मानना है कि ऐसी बातें अक्सर वही लोग फैलाते हैं जिन्होंने उनके साथ कभी काम नहीं किया। वह खुद को ज्यादा सोशल नहीं बतातीं और कहती हैं कि वह लोगों के सामने अपनी छवि साबित करने के बजाय अपने काम पर भरोसा करती हैं।

तापसी का कहना है कि यह रास्ता भले थोड़ा कठिन हो, लेकिन मानसिक शांति और आत्मविश्वास के लिए वही सबसे सही है।

Related Articles

Latest News