जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के कुंडम रोड में तिलसानी तिराहा पर मंगलवार 17 मार्च की रात एक सड़क हादसा हुआ। इस घटना में एक मालवाहक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला के पति को मामूली चोटें आईं, जबकि उनका 10 वर्षीय बेटा सुरक्षित है।
पुलिस ने बताया कि अजय काछी (35) अपनी पत्नी प्रियंका काछी और बेटे हिमांशु के साथ बाइक क्रमांक एमपी20जेडए-7993 से ग्राम पड़वार लौट रहे थे। वे कुण्डम की ओर से बरेला की तरफ जा रहे थे।
ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गई महिला
तिलसानी तिराहा पहुंचते ही पीछे से आ रहे मालवाहक ट्रक क्रमांक एमपी20जीए-4165 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रियंका सड़क पर गिर गईं और ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति अजय को हल्की चोटें आईं, जबकि बेटा हिमांशु सुरक्षित है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक व उसके चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











