राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हरियाणा के समालखा में 13 से 15 मार्च तक आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित में सज्जन शक्ति की सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के मार्गदर्शन में देशभर से 1438 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
शाखाओं में लगातार बढ़ोतरी
बैठक में बताया गया कि संघ की शाखाओं की संख्या बढ़कर 88,949 हो गई है, जबकि स्थानों की संख्या 55,683 तक पहुंच चुकी है। महाकौशल प्रांत में भी शाखाओं और गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
शताब्दी वर्ष में व्यापक अभियान
संघ के शताब्दी वर्ष के तहत देशभर में हजारों विजयादशमी उत्सव, संचलन और व्यापक गृह संपर्क अभियान चलाए गए, जिनके जरिए करोड़ों लोगों तक पहुंच बनाई गई।
इसके साथ ही हिंदू सम्मेलन, युवा सम्मेलन और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। जबलपुर की सुहागी बस्ती में आयोजित एक सम्मेलन में करीब 4500 लोग शामिल हुए।
प्रेरक कार्यक्रमों का आयोजन
इस दौरान गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष और संत रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष के अवसर पर भी विभिन्न प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आगामी योजनाओं की जानकारी
प्रांत संघचालक प्रदीप दुबे और प्रांत प्रचार प्रमुख विनोद कुमार ने पत्रकार वार्ता में संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।











