Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशऊर्जा विभाग की प्रदर्शनी का सचिव ऊर्जा विशेष गढ़पाले ने किया अवलोकन

ऊर्जा विभाग की प्रदर्शनी का सचिव ऊर्जा विशेष गढ़पाले ने किया अवलोकन

जबलपुर । ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और वैश्विक नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप वैश्विक विद्युत परितंत्र में भारत की भूमिका को मजबूत करने के साथ-साथ निवेश, प्रौद्योगिकी साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित चार दिवसीय “भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026” में मध्य प्रदेश के सचिव ऊर्जा विशेष गढ़पाले गुरुवार को ऊर्जा विभाग की प्रदर्शनी देखने पहुंचे।

गढ़पाले ने “भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026” में ऊर्जा विभाग द्वारा मध्यप्रदेश की विद्युत कंपनियों एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी जबलपुर, एमपी पावर जनरेटिंग कंपनी जबलपुर, एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी जबलपुर, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल एवं पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं प्रदर्शनी की सराहना की।

इस अवसर पर एम पी पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक संदीप गायकवाड़, एमपी पावर मैनेजमेंट के नई दिल्ली स्थित कार्यालय की अतिरिक्त मुख्य अभियंता  रीता हल्दर, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी  मनोज द्विवेदी सहित सभी कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

नई दिल्ली में आयोजित इस चार दिवसीय “भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026” में ऊर्जा विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा मध्यप्रदेश पावर सेक्टर में किए जा रहे नवाचारों जिनमें वी मित्र ऐप, उपाय ऐप, स्मार्ट बिजली ऐप, इनफॉर्मर स्कीम, ड्रोन पैट्रोलिंग, गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन (GIS) के साथ ही ऊर्जा उत्पादन और वितरण की विभिन्न आधुनिक तकनीकों, योजनाओं जिनमें रिवेंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम(RDSS), एसएसटीडी, पीएम जनमन योजना, पीएम धरती आबा योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, अटल कृषि ज्योति योजना, अटल ग्रह ज्योति योजना, समाधान योजना 2025- 26 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

प्रदर्शनी में ऊर्जा विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा विद्युतीय क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों, आधुनिक तकनीकों और जनहित योजनाओं का सफल प्रदर्शन किया। “भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026” में आए भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, बिजली क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, निवेशकों, परियोजना मालिकों, इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण से जुड़ी कंपनियों, सार्वजनिक उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग क्षेत्र के दिग्गज, वित्तीय संस्थानों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), बड़े निर्माताओं, उद्योग संघों और शिक्षाविदों सहित स्कूल कॉलेज के छात्र – छात्राओं ने ऊर्जा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी को देखा और उसकी सराहना की।

गौरतलब है कि केंद्रीय विद्युत और आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने चार दिवसीय “भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026” का गुरुवार को उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा एवं उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री  प्रह्लाद जोशी, विद्युत एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री  श्रीपद नाइक, विद्युत मंत्रालय के सचिव  पंकज अग्रवाल, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Latest News