जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बरगी रोड पर आज उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब अपने सहयोगी के साथ रिश्वत ले रही आरटीओ की महिला आरक्षक को लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस टीम के हत्थे चढ़ते ही महिला आरक्षक ने बचने के लिए विवाद भी किया। जिसे समझाइश देकर शांत करा दिया गया।
इस संबंध में लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि प्रशान्त दत्तात्रेय जाधव जीवनसागर सी एच एस डी 7 प्लॉट दव 26एसेक्टर 11 खारघर नवी मुंबई (वाहन मालिक) की 10 से ज्यादा गाडिय़ां जबलपुर, बरगी होते हुए यूपी सहित अन्य राज्यों में जाती है। इन गाडिय़ों के बरगी जबलपुर से निकलने पर आरटीओ की महिला आरक्षक श्वेता अहिरवार द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है।
आज भी प्रशांत दत्तात्रेय का ट्रक लेकर चालक जयसिंह यादव निवासी मनवारा छतरपुर जैसे ही बरगी पहुंचा तो आरटीओ की महिला आरक्षक श्वेता अहिरवार ने अपने सहयोगी मोहित पिता नर्मदा साहू (प्राइवेट व्यक्ति) के साथ मिलकर वाहन को रोककर 4500 रुपए रिश्वत की मांग की।
चालक जयसिंह ने जैसे ही 4500 रुपए की रिश्वत दी, तभी लोकायुक्त टीम में शामिल निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक सुश्री शशि मर्सकोले, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक जितेंद्र यादव ने दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम के हत्थे चढ़ते ही महिला आरक्षक ने बचने के लिए पहले तो रुपए फेंककर विवाद करने की कोशिश की, जिन्होने समझाइश देकर शांत कराया गया।











