मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम एशिया में चल रही मौजूदा अस्थिरता के बीच केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर लिए गए अहम फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस समय जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, ऐसे में यह निर्णय देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्र सरकार ने घरेलू खपत के लिए डीजल-पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। वहीं, डीजल के निर्यात पर 21.5 रुपये प्रति लीटर और हवाई ईंधन (ATF) पर 29.5 रुपये प्रति लीटर शुल्क लगाए जाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने Narendra Modi का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम आम नागरिकों को बड़ी राहत देने वाला है। इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी और बढ़ती महंगाई पर भी लगाम लगेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर अब भारतीय उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा। साथ ही, देश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे सप्लाई में किसी तरह की कमी नहीं आएगी।
उन्होंने केंद्र सरकार के इस फैसले को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता के हित में लिया गया है।











