Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशचलती ट्रेन के टॉयलेट से मिला लावारिस नवजात, मचा हड़कंप

चलती ट्रेन के टॉयलेट से मिला लावारिस नवजात, मचा हड़कंप

कटनी. पमरे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत कटनी मुड़वारा स्टेशन पर सोमवार 30 मार्च की सुबह उस समय अफरा-तफरी फैल गई, जब हरिद्वार से पुरी जा रही उत्कल एक्सप्रेस के एस-4 कोच के टॉयलेट में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला। इस घटना ने यात्रियों के बीच हड़कंप मचा दिया और पूरे स्टेशन पर सनसनी फैल गई। बच्चा जीवित था.

जानकारी के अनुसार, ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने कोच के टॉयलेट में नवजात को देखा। जैसे ही उसने अन्य यात्रियों को इसकी सूचना दी, मौके पर भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया। तुरंत रेलवे प्रशासन को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और शासकीय रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिशु को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

जिला अस्पताल में भर्ती, उपचार जारी

नवजात को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे स्पेशल केयर न्यूबॉर्न यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है।

आरपीएफ और जीआरपी द्वारा यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि, आखिर किसने और किन परिस्थितियों में इस मासूम को ट्रेन में छोड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

Related Articles

Latest News