जबलपुर। एमपी के जबलपुर में रसोई गैस (एलपीजी) आपूर्ति व्यवस्था लगातार बेहतर होती जा रही है। जिला प्रशासन और गैस डीलरों के बीच समन्वय बैठकों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अब जिले की आठ गैस एजेंसियों ने रसोई गैस सिलेंडरों की शत.प्रतिशत होम डिलीवरी शुरू कर दी है( जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।
पहले जहां उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा था। वहीं अब घर बैठे सिलेंडर मिल रहा है। जिला प्रशासन के एलपीजी नोडल अधिकारी पुष्पेंद्र अहाके ने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और गैस डीलरों के बेहतर समन्वय के चलते जिले में एलपीजी की आपूर्ति सुचारू हो गई है। वर्तमान में जिले को पर्याप्त मात्रा में गैस मिल रही है और भंडारण केंद्रों पर भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
जिन आठ एजेंसियों ने 100 प्रतिशत होम डिलीवरी शुरू की है, उनमें इंडियन ऑयल की स्वाधीनता सेनानी गैस सेवा, कर्नल गैस सेवा और नील गैस एजेंसी शामिल हैं। इसके अलावा भारत पेट्रोलियम की दुबे गैस एजेंसी और मिश्रा गैस एजेंसी भी इस सुविधा में शामिल हो गई हैं। वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम की विश्वनाथ गैस एजेंसी, जैसवाल केयर और शरद गैस एजेंसी ने भी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा देना शुरू कर दिया है।
इन एजेंसियों पर अब रिफिल सिलेंडर के लिए लगने वाली कतारें लगभग समाप्त हो गई हैं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही अन्य गैस एजेंसियां भी हॉकरों के माध्यम से होम डिलीवरी व्यवस्था अपनाएंगीए जिससे जिले के अधिकतर उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सकेगा। एलपीजी नोडल अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस बुकिंग के बाद एजेंसी जाने के बजाय घर पर ही डिलीवरी का इंतजार करें, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके और धूप में होने वाली परेशानी से राहत मिले।











