MPEBTKS : जबलपुर। मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मंडला सर्किल के महाराजपुर डीसी में कार्यरत ठेका कंपनी जीडी नाकरानी का आउटसोर्स कर्मी जगन्नाथ परते 2 मई को कनिष्ठ अभियंता के आदेश पर 11 केवी लाइन में आयी खराबी को सुधार रहा था, इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू होने से वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।
मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सुधार कार्य के पहले कनिष्ठ अभियंता ने सप्लाई बंद करने का परमिट लिया था, फिर भी विद्युत सप्लाई कैसे शुरू हो गई यह जांच का विषय है, वहीं सुधार कार्य कर रहा आउटसोर्स कर्मी अचानक बिजली चालू होने से स्पार्क लगने के कारण बुरी तरह झुलस गया था, जिसकी नागपुर में उपचार के दौरान 12 मई को मौत हो गई।

ठेका कंपनी द्वारा इलाज के लिए सहायता राशि नहीं देने पर आउटसोर्स कर्मी के परिजनों ने ब्याज पर उधार लेकर कर्मी का उपचार कराया था, वहीं कर्मी का हालचाल पूछने न तो बिजली कंपनी के अधिकारी पहुंचे और न ही ठेका कंपनी ने उसकी सुध ली और न ही सहायता राशि दी।

संघ केएन लोखंडे, एसके मौर्य, एसके शाक्य, दशरथ शर्मा, शशि उपाध्याय, मदन पटेल, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, विनोद दास, मुकेश पटेल, अमित मेहरा, जगदीश मेहरा, राकेश नामदेव आदि ने पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि मृत कर्मी के परिजनों को यथाशीघ्र सहायता राशि दी जाए और आश्रित को आउटसोर्स पर नौकरी दी जाए।











