लग्जरी इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में Mercedes-Benz की नई Electric GLC ने लॉन्च से पहले ही बाजार में हलचल मचा दी है। कंपनी को बुकिंग शुरू होने के महज 36 घंटों के भीतर इस इलेक्ट्रिक SUV के लिए 650 से ज्यादा एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) मिल चुके हैं, जो ग्राहकों के बीच इसकी मजबूत शुरुआती मांग को दर्शाता है। Mercedes-Benz Electric GLC को भारत में 4 नवंबर को लॉन्च किया जाएगा। खास बात यह है कि इस SUV की असेंबलिंग महाराष्ट्र के चाकन स्थित कंपनी के प्लांट में की जाएगी।
यह भारत में Mercedes-Benz की पहली SUV होगी, जो कंपनी के नेक्स्ट-जेनरेशन इलेक्ट्रिक व्हीकल आर्किटेक्चर पर आधारित होगी। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) ब्रेंडन सिसिंग के मुताबिक, लॉन्च से पहले ही Electric GLC को 650 से अधिक EOI मिलना कंपनी के लिए उत्साहजनक संकेत है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया है। अब सबकी नजरें 4 नवंबर को होने वाले लॉन्च पर टिकी हैं, जहां इसकी कीमत और अन्य अहम जानकारियों से पर्दा उठने की उम्मीद है।
एडवांस्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी मिल सकती है –
Mercedes-Benz की नई Electric GLC के साथ भारत में कंपनी की एडवांस्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी की झलक देखने को मिल सकती है। इस इलेक्ट्रिक SUV में हाई-कैपेसिटी बैटरी, फास्ट चार्जिंग सपोर्ट और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसके इंटरनेशनल वर्जन में 94 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो WLTP सर्टिफिकेशन के मुताबिक एक बार फुल चार्ज करने पर 700 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज देने में सक्षम है। हालांकि, भारत में आने वाले मॉडल की बैटरी, रेंज और फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। गौरतलब है कि Mercedes-Benz ने हाल ही में भारतीय बाजार में CLA EV इलेक्ट्रिक सेडान भी पेश की है। इसकी CLA 200 वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत करीब 55 लाख रुपये, CLA 250+ की 59 लाख रुपये और लॉन्च एडिशन की कीमत 64 लाख रुपये बताई गई है। ऐसे में Electric GLC की कीमत और फीचर्स पर सबकी नजरें टिकी हैं, क्योंकि ये इसकी भारतीय बाजार में स्थिति तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सिंगल चार्ज में रेंज धमाकेदार –
CLA 200 वेरिएंट की सिंगल चार्ज में रेंज लगभग 542 किलोमीटर और CLA 250+ वेरिएंट की लगभग 792 किलोमीटर की है। इस इलेक्ट्रिक सेडान में 85 kWh की बैटरी और रियर माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर है। यह लगभग 268 hp की पावर और 335 Nm का टॉर्क जेनरेट कर सकती है। यह बैटरी 240 kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसे सिर्फ 20 मिनटों तक चार्ज कर लगभग 400 किलोमीटर की रेंज मिल सकती है। CLA EV सिर्फ 6.7 सेकेंड्स में 0 से 100 km/h की स्पीड को पकड़ सकती है। इस इलेक्ट्रिक सेडान को Polar White, Clear Blue, Cosmic Black, Patagonia Red और Alpine Grey कलर्स में उपलब्ध कराया गया है। CLA 200 का डिजाइन कूपे जैसा है और इसमें एयरोडायनैमिक एफिशिएंसी पर जोर दिया गया है।








