WCRMS को मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल कोर्ट से मिली राहत, भटनागर एंड संस को लगा झटका

वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शर्मा व संघ प्रवक्ता सतीश कुमार ने बताया कि संघ से निष्कासित अध्यक्ष डॉ आरपी भटनागर व उनके पुत्र अमित भटनागर द्वारा उनके निष्कासन व वर्तमान संघ कार्यकारिणी को चुनौती देने संबंधी याचिका इंडस्ट्रियल कोर्ट मप्र जबलपुर में दाखिल की थी जोकि आज कोर्ट ने खारिज कर दी है।

उन्होंने बताया कि कोर्ट के इस निर्णय से भटनागर पिता-पुत्र को बड़ा झटका लगा है। ज्ञात रहे कि 7 अक्टूबर 2021 को संघ की मुख्यालय कार्यकारिणी ने तात्कालीन संघ अध्यक्ष आरपी भटनागर व उनके पुत्र कार्यकारी अध्यक्ष अमित भटनागर को संघ से मजदूर विरोधी क्रियाकलापों के कारण निलंबित किया था।

तत्पश्चात् 16 अक्टूबर 2021 को सागर में हुई सीईसी बैठक में भी दोनों पदाधिकारियों का संघ से पूर्ण बहुमत के साथ निष्कासित कर दिया गया था। संघ के प्रमुख पदाधिकारियो सीएम उपाध्याय, डीपी अग्रवाल, एसएन शुक्ला, राजेश पांडे, मनोज अग्रवाल, अब्दुल खालिक, अनुज तिवारी, बीएल मिश्रा आदि ने इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त किया है।