(हि.स.)। भागलपुर के भगवान पुस्तकालय में रविवार को एक भव्य लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। जहां तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में कार्यरत मनजीत सिंह किनवार की नई पुस्तक “कोर कसर” का विधिवत विमोचन किया गया।
लेखन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए यह कार्यक्रम साहित्य प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में योगेंद्र जी, प्रतिभा राजहंस, बहादुर मिश्रा, श्याम सुंदर, शंभू प्रसाद, प्रेमचंद्र पांडे, सुधीर कुमार, प्रोग्रामर मनोज मिता, अंशु सिंह, उल्लू पीछा सहित कई सम्मानित गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित थे। सभी ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण कर लेखक को शुभकामनाएं दी।
समारोह में आए अतिथियों ने मनजीत सिंह किनवार की लेखन शैली, उनके विचारों की गहराई और समकालीन साहित्य में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा। उन्होंने कहा कि “कोर कसर” न सिर्फ साहित्य प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण कृति है, बल्कि यह युवा लेखकों को भी नई दिशा प्रदान करेगी।कार्यक्रम में लेखक को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। उनके पिता शंभू जी भी इस यादगार पल के साक्षी बने और पुत्र की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
यह मनजीत सिंह किनवार की तीसरी प्रकाशित पुस्तक है, जो पाठकों के बीच पहले से ही चर्चा का विषय बनी हुई है और साहित्य प्रेमियों को आकर्षित कर रही है। साहित्य एवं संस्कृति से जुड़े लोगों ने इस आयोजन को सफल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम भागलपुर की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को और मजबूती प्रदान करते हैं।












