Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशMP NEWS: पेंशन कार्यालय में दलालों का जमावड़ा, भटक रहे रिटायर कर्मी

MP NEWS: पेंशन कार्यालय में दलालों का जमावड़ा, भटक रहे रिटायर कर्मी

मध्यप्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा जबलपुर जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय ने बताया कि जबलपुर पेंशन कार्यालय में पेंशन प्रकरणों पर आपत्ति लगाकर बेवजह परेशान किया जा रहा है। केस करवाने के लिए पैसे मांगे जाते है, कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों के दलाल बाहर घूमते रहते हैं। यही दलाली कर केस निपटवाने का सौदा करते है।

इस संबंध में संयुक्त मोर्चा ने पेंशन कार्यालय के अधिकारी श्री शामदेकर से चर्चा कर उन्हें दलालों की जानकारी दी और उनसे अवैध कार्यवाही को रोकने कदम उठाने चर्चा की गई। उन्हें बताया गया कि रिटायर या मृत कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं में अनावश्यक आपत्तियां लगा कर पेंशन, ग्रेच्यूटी के केसों को लटकाया जा रहा है।

पीएचई, पीडब्लूडी, शिक्षा विभाग के रिटायर सहायक मान चित्रकार, लिपिक, ट्रेसर और वाहन चालकों, समयपालों को रिटायर होने के 2 माह पश्चात भी पेंशन एवं ग्रेच्युटी नहीं दी गई है। परेशान कर्मी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।

पेंशन कार्यालय में पीपीओ जारी करने सेवा पुस्तिकाओं को भेजा जा रहा है, लेकिन कार्यालय के कर्मचारियों से सांठगांठ बनाकर बाहर घूम रहे जानकार दलाल हरे पेन से आपत्ति लगवाकर सेवा पुस्तिका को वापिस भेज देते हैं। आपत्ति का निराकरण करने के पश्चात जमा रिकॉर्ड में फिर नई आपत्ति लगा देते है।

मोर्चा पदाधिकारियों ने आपत्ति के नाम पर कर्मचारियों को परेशान करने की कटु निंदा की है। पूर्व में जिस वेतनमान का अनुमोदन किया जा चुका है, उसमें आपत्ति लगाना वहां के अफसरों की नाकामी बता रहा है। मोर्चा ने अनुमोदित रिकॉर्ड पर पुनः आपत्ति लगाने की घोर निंदा की है।

मध्यप्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के अटल उपाध्याय, संतोष मिश्रा ,नरेश शुक्ला, विश्वदीप पटेरिया, रविकांत दहायत, संजय गुजराल, मुकेश चतुर्वेदी, देव दोनेरिया, एसके बांदिल, प्रशांत सोंधिया, योगेश चौधरी, मुकेश मरकाम, धीरेन्द्र सिंह, अजय दुबे, योगेंद्र मिश्रा, नरेंद्र सेन, चंदू जाऊलकर, डॉ संदीप नेमा, मंसूर बेग, गोविंद विल्थरे, अर्जुन सोमवंसी, रवि बांगड़ ने पेंशन कार्यालय के बाहर घूमने वाले दलालों पर कड़ी कार्यवाही कर, समस्त पेंशन प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने की मांग की है।

Related Articles

Latest News