Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में कोहरे के साथ ठंड का एक और दौर शुरू, चार-पांच...

एमपी में कोहरे के साथ ठंड का एक और दौर शुरू, चार-पांच दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

भोपाल (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद मध्यप्रदेश में ठंड का एक और दौर शुरू हो गया है। उत्तरी हवाएं चलने से मंगलवार को ग्वालियर, गुना, नौगांव समेत 6 शहरों में दिन का टेम्प्रेचर 23 डिग्री से नीचे आ गया। वहीं, बुधवार सुबह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। सुबह के समय कोहरा भी छाया रहा।

प्रदेश के भोपाल, उमरिया, सतना, जबलपुर, रायसेन, दमोह में मंगलवार को पारा 5 से 8.4 डिग्री तक लुढ़क गया। वहीं, सुबह भोपाल समेत कई शहरों में घना कोहरा भी रहा। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अगले 4 दिन तक दिन-रात के तापमान में गिरावट रहेगी। इससे सर्दी महसूस होगी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है। इससे तापमान में गिरावट होगी। साथ ही ग्वालियर, चंबल समेत कई शहरों में कोहरा रहेगा। वहीं, अगले 4 दिन तक मौसम साफ रहेगा। इससे ठंड का हल्का असर रहेगा।

मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक प्रदेश में ठंड का दौर रहने का अनुमान जताया है। 11-12 फरवरी से फिर एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है। इससे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मंगलवार को प्रदेश में सतना सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया। एक ही दिन में 5.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर में तापमान 22.2 डिग्री और जबलपुर में 23.8 डिग्री रहा। जबलपुर में 6.6 डिग्री पारा लुढ़क गया। नौगांव में 22 डिग्री, उमरिया में 22.1 डिग्री, गुना में 22.4 डिग्री और खजुराहो में 22.8 डिग्री रहा।

Related Articles

Latest News