Thursday, April 30, 2026
Homeमध्य प्रदेशमुख्य सचिव आईएएस वीरा राणा को मिला छह महीने का एक्सटेंशन, 30...

मुख्य सचिव आईएएस वीरा राणा को मिला छह महीने का एक्सटेंशन, 30 सितंबर तक बढ़ा कार्यकाल

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की मुख्य सचिव वीरा राणा को छह महीने का एक्सटेंशन मिल गया है। इस संबंध में केन्द्र सरकार ने शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया है। वीरा राणा 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने वाली थीं। उन्हें एक अप्रैल 2024 से 30 सितंबर 2024 तक एक्सटेंशन दिया गया है। वे अब अगले 6 महीने तक यानी 30 सितंबर 2024 तक मध्यप्रदेश की मुख्य सचिव बनी रहेंगी।

दरअसल, गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में मुख्य सचिव का कार्यकाल बढ़ाने को लेकर सहमति बन गई थी। इसके बाद राज्य शासन ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था। शुक्रवार को केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के प्रस्ताव पर सहमति देते हुए आदेश जारी कर दिया है।

वीरा राणा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की 1988 बैच की अधिकारी हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 से ठीक पहले तत्कालीन मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की सेवावृद्धि की दूसरी अवधि पूरी होने के बाद चुनाव आयोग की सहमति से वीरा राणा को मुख्य सचिव पद का प्रभार दिया गया था, उन्हें वरिष्ठता के आधार पर मुख्य सचिव बनाया गया था। वह प्रदेश की दूसरी महिला मुख्य सचिव हैं। उनकी 31 मार्च को सेवानिवृत्ति होनी थी लेकिन अब उनकी सेवाओं को छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। उनका कार्यकाल अब 30 सितंबर 2024 तक रहेगा। अब लोकसभा चुनाव वीरा राणा के कार्यकाल में ही होगा।

Related Articles

Latest News