Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयपंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पौत्र और कांग्रेस सांसद रवनीत...

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पौत्र और कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू भाजपा में शामिल

नई दिल्ली (हि.स)। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पौत्र और लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

रवनीत बिट्टू पंजाब से लगातार तीन बार से सांसद हैं। वे पहली बार 2009 में आनंदपुर साहिब से सांसद चुने गये थे। इसके बाद 2014 और 2019 में लुधियाना से कांग्रेस सांसद बने।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में रवनीत को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई और पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रवनीत सिंह के भाजपा में शामिल होने से पंजाब में पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में मैंने देखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को पंजाब से बहुत प्यार है। वे पंजाब के लिए बहुत सारे विकासात्मक कार्य करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के मुकाबले पंजाब पिछड़ गया है, हम वहां के किसानों, मजदूरों और उद्योगों के लिए काम करेंगे।

इस मौके पर भाजपा के चुनाव आयोग विभाग के प्रमुख ओम पाठक भी उपस्थित थे।

Related Articles

Latest News