Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयपाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के कप्तान नियुक्त हुए...

पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के कप्तान नियुक्त हुए ब्रेसवेल

वेलिंगटन, 3 अप्रैल (हि.स.)। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने पाकिस्तान के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए बुधवार को 15 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को टीम का कप्तान बनाया गया है, जो पहली बार न्यूजीलैंड का नेतृत्व करेंगे। वहीं, टिम रॉबिन्सन और विल ओ’रूर्के को पहली बार टीम में शामिल किया गया है।

पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में न्यूजीलैंड अपने कई अग्रणी खिलाड़ियों के बिना रहेगा जो या तो आईपीएल में अपने कार्यकाल के कारण या अन्य कारणों से अनुपलब्ध हैं। ट्रेंट बोल्ट, डेवोन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिच सेंटनर और केन विलियमसन सभी आईपीएल में अलग-अलग टीमों का हिस्सा हैं। विल यंग (नॉटिंघमशायर के साथ शीतकालीन अनुबंध), टॉम लैथम (दूसरे बच्चे के जन्म की प्रतीक्षा में) और टिम साउदी (कंडीशनिंग) और कॉलिन मुनरो भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।

मार्च 2023 के बाद ब्रेसवेल अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति दर्ज कराएंगे। 33 वर्षीय ऑलराउंडर प्लंकेट शील्ड के दौरान सक्रिय क्रिकेट खेल रहे थे, जहां उन्होंने वापसी पर अपने पहले मैच में 41 रन देकर 8 विकेट लेकर प्रथम श्रेणी करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में चयनकर्ता सैम वेल्स ने कहा, “माइकल को लंबे समय तक साइडलाइन का सामना करना पड़ा है और उसे फिर से क्रिकेट खेलते हुए देखना रोमांचक है। तथ्य यह है कि चोट के बाद वापसी पर वह उच्च स्तर पर खेल रहे हैं, यह उनकी कड़ी मेहनत का प्रमाण है। वह एक सम्मानित लीडर है और उनके पास वेलिंगटन के साथ-साथ न्यूजीलैंड ए और न्यूजीलैंड इलेवन टीमों की कप्तानी का अनुभव है। वह पाकिस्तान में समूह का नेतृत्व करने के लिए उपयुक्त हैं।”

न्यूजीलैंड की टीम 12 अप्रैल को पाकिस्तान के लिए रवाना होगी। पहला टी20 मैच 18 अप्रैल को रावलपिंडी में खेला जाएगा, जो 20 और 21 अप्रैल को अगले दो मैचों की भी मेजबानी करेगा। श्रृंखला के आखिरी दो मैच 25 और 27 अप्रैल को लाहौर में खेले जाएंगे।

न्यूजीलैंड की टी20 टीम इस प्रकार है: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, बेन लिस्टर, कोल मैककोन्ची, एडम मिल्ने, जिमी नीशम, विल ओ’रूर्के, टिम रॉबिन्सन, बेन सियर्स, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ईश सोढ़ी।

Related Articles

Latest News