Sunday, March 15, 2026
Homeखास खबरGenco Cricket League Season 3 : लिजेंड्स और हिटर्स ने मैच जीतकर...

Genco Cricket League Season 3 : लिजेंड्स और हिटर्स ने मैच जीतकर दिखाए मजबूत इरादे

जबलपुर । मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) के तत्वावधान में आज रामपुर परिसर स्थि‍त पाण्डुताल मैदान में जेनको क्रि‍केट लीग सीजन-3 के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों में लिजेंड्स व हिटर्स टीम ने अपने-अपने मैच जीतकर प्रतियोगिता में महत्वपूर्ण 2-2 अंक हासिल किए।

दिन के पहले मैच में लिजेंड्स ने वॉरियर्स को 8 विकेट से और दूसरे मुकाबले में हिटर्स ने ग्लेडीएटर्स को 6 विकेट से पराजित किया।

आज मैच के दौरान डायरेक्टर टेक्न‍िकल सुबोध निगम, मुख्य अभियंता संचालन एवं संधारण अभिषेक जैन, मुख्य अभियंता मटेरियल मैनेजमेंट आशुतोष सहस्रबुद्धे, मुख्य अभियंता हाइडल राजेन्द्र पटेल, मुख्य वित्तीय अधिकारी रूपेश शाह, मुख्य अभियंता मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित थे और इन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आक्रामक गेंदबाजी और अनुशासित बल्लेबाज़ी से विजयी हुई लिजेंड्स-आज के पहले मैच में लिजेंड्स के कप्तान आसिफ खान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया।

लिजेंड्स की अनुशासित व घातक गेंदबाजी आक्रमण के सामने वॉरियर्स की सलामी जोड़ी शीघ्र ही पवेलियन लौट गई।

मध्यक्रम में नितिन नागवंशी व कप्तान मोहनीश वाडीवा ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए वॉरियर्स टीम के लिए महत्वपूर्ण रन जोड़े। नितिन नागवंशी ने नाबाद 21 रन बनाए। वॉरियर्स की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 77 रन ही बना सकी।

लिजेंड्स की ओर से कप्तान आसिफ खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए लिजेंड्स के सलामी बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया।

कप्तान आसिफ खान व सुशील कुमार पाल ने 52 रनों की सशक्त साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। लिजेंड्स ने 16 गेंद शेष रहते लक्ष्य प्राप्त कर लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आसिफ खान को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

गेंदबाजों ने रची हिटर्स की जीत- आज के दूसरा मैच हिटर्स एवं ग्लेडीएटर्स टीम के मध्य खेला गया, जिसमें हिटर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।

हिटर्स के तेज और सटीक गेंदबाजी आक्रमण के सामने ग्लेडीएटर्स की टीम 9 विकेट के नुकसान पर मात्र 65 रन ही बना पायी। शाहिद खान ने 3 महत्वपूर्ण विकेट चटका कर विपक्षी टीम को वापसी का अवसर नहीं दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए हिटर्स के सलामी बल्लेबाज शाहिद खान व अतुल यादव ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। हिटर्स ने मात्र 6.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 66 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हिटर्स के शाहिद खान को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

आज मैच के अंपायर सुबोध धांडे व अनिल शर्मा और स्कोरर सुशील पांडे, प्रणव देशमुख, प्रतीक कुंटे व दीपक साहू रहे। जेनको क्रि‍केट लीग सीजन-3 के अंतर्गत 11 फरवरी को दोपहर 1.00 बजे लिजेंड्स व चार्जर्स के मध्य और 3.30 बजे रॉयल्स व ग्लेडीएटर्स के मध्य मैच खेले जाएंगे।

Related Articles

Latest News