Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशबरगी बांध के सात गेट खुले, छोड़ा जा रहा है 35 हजार...

बरगी बांध के सात गेट खुले, छोड़ा जा रहा है 35 हजार 562 क्यूसेक पानी

जबलपुर के रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने आज सोमवार को दोपहर लगभग सवा दो बजे इसके इक्कीस में से सात स्पिल-वे गेट औसतन 1.07 मीटर की ऊंचाई तक खोल दिये गये हैं और इनसे 35 हजार 562 क्यूसेक (घनफुट पानी प्रति सेकंड) पानी छोड़ा जा रहा है।

कार्यपालन यंत्री बरगी बांध अजय सूरे के अनुसार खोले गये सात गेट में से गेट नम्बर दस, ग्यारह और बारह को डेढ़-डेढ़ मीटर, गेट नम्बर नौ और तेरह को एक-एक मीटर तथा गेट नम्बर आठ और चौदह को आधा-आधा मीटर ऊंचाई तक खोले गये हैं। उन्होंने बताया कि बांध में आवक को देखते हुये कभी भी इससे पानी निकासी की मात्रा घटाई या बढ़ाई जा सकती है।

अजय सूरे के मुताबिक सोमवार को दोपहर बारह बजे बांध का जल स्तर 419 मीटर रिकार्ड किया गया था और इस समय इसमें लगभग 70 हजार 600 क्युसेक पानी प्रवेश कर रहा था। उन्होंने बाँध के निचले क्षेत्र के निवासियों से नर्मदा तट से सुरक्षित दूरी बनाये रखने तथा डूब क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील करते हुये बताया कि बांध से पानी छोड़ने से नर्मदा नदी का जलस्तर आठ से दस फुट तक बढ़ सकता है।

Related Articles

Latest News