Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशबरगी बांध के चार गेट हुए बंद, पानी छोड़ने की मात्रा भी...

बरगी बांध के चार गेट हुए बंद, पानी छोड़ने की मात्रा भी हुई कम

जबलपुर के रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध में पानी की आवक कम होने से इसके चार गेट आज सोमवार की रात 8 बजे बंद कर दिये गये हैं और अब 13 गेटों से 1 लाख 66 हजार 510 क्युसेक (4715 क्युमेक) पानी की निकासी की जा रही है। बांध से पानी छोड़ने के लिये इन तेरह गेटों की औसत ऊंचाई ढाई मीटर रखी गई है। इसके पहले आज शाम 6 बजे बांध के 17 गेटों की औसत ऊंचाई 2.03 मीटर से 2.44 मीटर बढाकर पानी निकासी की मात्रा 1 लाख 77 हजार क्युसेक से 2 लाख 12 हजार 843 क्युसेक कर दी गई थी।

कार्यपालन यंत्री अजय सूरे के मुताबिक परियोजना प्रशासन द्वारा बांध के जलस्तर की निरंतर समीक्षा की जा रही है । पानी की आवक को देखते हुये बांध के गेटों से जल निकासी की मात्रा कभी भी घटाई या बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने निचले क्षेत्र के रहवासियों से नर्मदा के घाटों से सुरक्षित दूरी बनाये रखने का आग्रह किया है।

अजय सूरे ने बताया कि सोमवार की शाम 6 बजे बांध का जलस्तर 421.75 रिकार्ड किया गया था। यह रात 8 बजे यह घट कर 421.65 मीटर हो गया है। जबकि सुबह 10 बजे बांध का जल स्तर 421.90 मीटर दर्ज किया गया था।

अजय सूरे ने बताया कि मंडला में बांध के जल ग्रहण क्षेत्र में बारिश कम हो जाने की वजह से बांध के जलस्तर में कमी आई है। उन्होंने बताया कि रात 8 बजे बांध में पानी की आवक घटकर 4115 क्युमेक हो गई थी। जबकि सुबह 10 बजे इसमें 6 हजार 353 क्युमेक पानी प्रवेश कर रहा था।

Related Articles

Latest News