जबलपुर, । भारतीय रेलवे द्वारा अधोसंरचना विकास कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत ललितपुर–सिंगरौली नई लाइन परियोजना में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है।
मध्य/पूर्व वृत (मुंबई) के रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) गुरू प्रकाश द्वारा दिनांक 24 मार्च 2026 को नागौद (किमी 1210.070) से फुलवारी (किमी 1225.52) के मध्य नव निर्मित 15.45 किमी लंबे रेल खंड का सघन निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण इस सेक्शन को यात्री यातायात हेतु प्रारंभ करने से पूर्व संरक्षा मानकों के परीक्षण के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा ट्रैक की गुणवत्ता, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, ब्रिज संरचनाएं, गर्डर, स्पान, स्लीपर, बैलास्ट, ग्लूड जॉइंट, इंप्रूव्ड SEJ, ओएचई (OHE) लाइन, समपार फाटक, स्टेशन यार्ड सहित विभिन्न तकनीकी एवं संरक्षा संबंधी पहलुओं का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण उपरांत रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा फुलवारी से नागौद तक पूरे सेक्शन में अधिकतम 120 किमी प्रति घंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल भी किया गया, जो इस खंड की संरचनात्मक मजबूती एवं सुरक्षा मानकों की पुष्टि करता है।
इस अवसर पर मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाश्मी सहित निर्माण एवं संरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जबलपुर मंडल से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ll, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, सीनियर डीईई (टीआरडी) एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
यह नई रेल लाइन खंड शीघ्र ही यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन हेतु प्रारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में वृद्धि होगी एवं यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।











