राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों के मंहगाई भत्ते डीए में 3 प्रतिशत की बढोतरी की है। सरकार के इस फैसले से अब डीए 55 से बढकर 58 फीसद हो गया है। इससे प्रदेश के 8 लाख कार्मिक और 4 लाख 40 हजार पेंशनर्स लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को इस संबंध में वित्त विभाग के प्रस्ताव का अनुमोदन किया। सातवें वेतनमान के तहत बढा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2025 से देय होगा। इस महीने के बढे हुए भत्ते का अगले महीने से नकद भुगतान किया जाएगा, जबकि जुलाई से सितम्बर तक तीन महीने की राशि कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जाएगी।
पेंशनरों को 1 जुलाई से ही महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जायेगा। पंचायत समिति तथा जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने इसे कर्मचारियों के लिए दीपावली का उपहार बताते हुए कहा कि इस निर्णय से सरकार पर लगभग 1 हजार 230 करोड़ रुपए का वार्षिक वित्तीय भार आएगा। गौरतलब है कि हाल ही में केन्द्र सरकार ने भी अपने कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी की थी।









